
रुड़की। हरिद्वार जिले के पिरान कलियर स्थित दरगाह में जियारत करने पहुंचे दिल्ली के फिल्म निर्माता हाजी शकील सैफी से कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर 40 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। फोन पर धमकी देते हुए रंगदारी की रकम नहीं देने पर परिवार के एक सदस्य को नुकसान पहुंचाने की चेतावनी भी दी गई। मामले में फिल्म निर्माता ने कलियर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
हाजी शकील सैफी निवासी निहाल विहार, नांगलोई (दिल्ली) के अनुसार, उन्हें अनिल पंडित के नाम से एक मोबाइल नंबर से धमकी भरी कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई का नाम लेकर 40 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। रकम नहीं देने पर परिवार के एक सदस्य को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई। इस संबंध में उन्होंने चार नवंबर को दिल्ली के निहाल विहार थाने में भी मुकदमा दर्ज कराया था। अब पिरान कलियर पहुंचने पर उन्होंने स्थानीय पुलिस को भी पूरे मामले से अवगत कराते हुए तहरीर दी है।
फिल्म निर्माता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। हाजी शकील सैफी लंबे समय से फिल्म निर्माण के क्षेत्र से जुड़े रहे हैं। वह सैफी फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक रह चुके हैं। वर्तमान में वर्ल्ड पीस हार्मनी के चेयरमैन, सैफी हॉस्पिटल प्राइवेट लिमिटेड के सीईओ और इंडिया सैफी फ्रंट के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं।
वहीं, कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी ने बताया कि हाजी शकील सैफी दरगाह में जियारत करने आए थे। उन्होंने फोन पर धमकी मिलने की जानकारी देते हुए पुलिस को तहरीर दी है। इस मामले में दिल्ली में पहले ही मुकदमा दर्ज है। स्थानीय पुलिस भी अपने स्तर से जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि जांच में सामने आया है कि हाजी शकील मुंबई में भी रहते हैं। हाल के दिनों में मुंबई में बॉलीवुड के बड़े अभिनेताओं को भी धमकियां मिलने के मामलों को देखते हुए इस पहलू से भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



