
लालकुआं। जनगणना-2027 में आमजन की भागीदारी बढ़ाने के लिए नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ ने पहल शुरू की है। दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा के नेतृत्व में जिले की 710 दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों के माध्यम से करीब 34 हजार दुग्ध उत्पादकों और उनके परिवारों को स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके लिए समितियों के सचिवों को लिखित पत्र भेजकर अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने और अधिक से अधिक परिवारों को स्व-गणना के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया है।
इस संबंध में मुकेश बोरा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में खाद्य पूर्ति अधिकारी एवं सहायक चार्ज अधिकारी मोहित कठायत ने जनगणना के प्रथम चरण में संचालित स्व-गणना प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नागरिक ऑनलाइन माध्यम से अपने परिवार का विवरण स्वयं दर्ज कर सकते हैं। बैठक में तय किया गया कि नैनीताल दुग्ध संघ से जुड़ी पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों की सभी 710 समितियों के पदाधिकारियों, सचिवों और कर्मचारियों के सहयोग से इस राष्ट्रीय अभियान का संदेश करीब 34 हजार परिवारों तक पहुंचाया जाएगा।
अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं की आधारशिला है। सटीक जनसंख्या आंकड़ों के आधार पर ही सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं का बेहतर नियोजन और प्रभावी क्रियान्वयन कर सकती है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी दुग्ध समितियों के सचिवों से अपने-अपने क्षेत्रों में उत्पादकों और उनके परिवारों को जागरूक करने के लिए लिखित पत्र भेजने के साथ व्यक्तिगत संपर्क करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादक स्वयं स्व-गणना प्रक्रिया में भाग लें और अपने रिश्तेदारों तथा आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि कोई भी परिवार इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान से वंचित न रहे।
मुकेश बोरा ने बताया कि जनपद नैनीताल में 16 से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध है। इसके लिए नागरिक आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर मोबाइल या लैपटॉप के माध्यम से अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकते हैं। सफलतापूर्वक जानकारी जमा करने के बाद 11 अंकों की स्व-गणना आईडी मिलेगी, जिसे सुरक्षित रखना जरूरी है। बाद में प्रगणक के घर पहुंचने पर यह आईडी उपलब्ध करानी होगी।
उन्होंने कहा कि नैनीताल दुग्ध संघ दुग्ध उत्पादकों के आर्थिक और सामाजिक हितों के संरक्षण के साथ ही सामाजिक जागरूकता एवं जनहित से जुड़े राष्ट्रीय अभियानों में भी सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा। उन्होंने पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों की सभी समितियों से इस अभियान को प्राथमिकता के आधार पर सफल बनाने का आह्वान किया।
बैठक में सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, पी एंड आई सुभाष बाबू तथा प्रभारी एमआईएस एवं जनगणना लिपिक कमलेश कुमार सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।



