
लालकुआं। महंगाई की मार अब आंचल के दूध और दुग्ध उत्पादों पर भी पड़ने जा रही है। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड ने आंचल ब्रांड के दूध, पनीर, क्रीम सहित विभिन्न उत्पादों की नई मूल्य सूची जारी कर दी है। संशोधित दरें 20 नवंबर 2026 से लागू होंगी। नई दरों के तहत उत्पादों की कीमतों में दो रुपये से लेकर 50 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है।
दुग्ध संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा ने बताया कि नई मूल्य सूची जारी कर दी गई है। इसमें सबसे अधिक 50 रुपये की बढ़ोतरी आंचल क्रीम के एक किलोग्राम पैक पर की गई है। इसकी कीमत 530 रुपये से बढ़ाकर 580 रुपये कर दी गई है।
नई दरों के अनुसार आंचल गोल्ड फुल क्रीम मिल्क के छह लीटर पैक की कीमत 426 रुपये से बढ़ाकर 450 रुपये और आंचल शक्ति स्टैंडर्ड मिल्क के छह लीटर पैक की कीमत 355 रुपये से बढ़ाकर 372 रुपये कर दी गई है।
इसी तरह आंचल गाय के दूध की कीमत 58 रुपये से बढ़ाकर 60 रुपये प्रति लीटर, शक्ति स्टैंडर्ड मिल्क की कीमत 60 रुपये से बढ़ाकर 63 रुपये और डबल टोंड मिल्क की कीमत 54 रुपये से बढ़ाकर 56 रुपये प्रति लीटर निर्धारित की गई है। वहीं आंचल पनीर के 180 ग्राम पैक की कीमत 80 रुपये से बढ़ाकर 85 रुपये कर दी गई है।
गौरतलब है कि इससे पहले 12 नवंबर को अमूल, मदर डेयरी सहित अन्य दुग्ध कंपनियों ने भी दूध और दुग्ध उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी की थी। अब आंचल की नई मूल्य सूची जारी होने के बाद उपभोक्ताओं को भी 20 नवंबर से बढ़ी हुई कीमतें चुकानी होंगी।
सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा ने बताया कि सभी संबंधित उत्पाद 20 नवंबर से नई निर्धारित दरों पर बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे।



