ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। हल्द्वानी शहर के अतिव्यस्ततम नया बाजार में रविवार देर शाम अचानक भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में पांच दुकानें पूरी तरह स्वाहा हो गईं। फायर ब्रिगेड टीम ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर बमुश्किल काबू पाया जा सका। आग लगने की वजह प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, हल्द्वानी के नया बाजार स्थित ताज चौराहा के निकट शाम को सुबोध गुप्ता की लेदर अटैची की दुकान में आग भड़क उठी। आग की लपटें और धुआं देखकर आसपास के लोगों ने पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। लेकिन आग की भीषण लपटों ने पड़ोस के दानिश की बाबा शूज, रॉयल टच रेडीमेड गारमेंट्स, गांधी आश्रम, सरदार क्लॉथ हाउस समेत पांच दुकानों को चपेट में ले लिया। दमकल टीम के मौके पर पहुंचने से पहले आग से इन पांचों दुकानों का सामान राख हो गया। आग बुझाने में अग्निशमन की पांच गाड़ियों का पानी लगा। आग बुझाने के प्रयास में दो बार भगदड़ भी मच गई। स्थानीय व्यापारियों के मुताबिक अग्निकांड में लगभग 60 लाख रुपये के नुकसान का अंदेशा है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

You cannot copy content of this page