ख़बर शेयर करें -

गोपेश्वर। चमोली जिले के पोखरी थाने के तहत शराब पीने के बाद हुए विवाद में एक युवक ने दूसरे की हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या का खुलासा 48 घंटों के अंदर किया है। हत्या का आरोपी रिस्ते में भाई बताया जा रहा है।

पोखरी थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया ने बताया कि बीती 12 नवंबर को जसपाल लाल पुत्र एतवारु लाल निवासी पोगठा थाना पोखरी जनपद चमोली ने बताया कि 11 नवंबर को उनके पुत्र उत्तम सिंह का शव चौरी गदेरा ग्राम पोगठा में मिला है। हत्या की आशंका जताते हुए उन्होंने पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया।

थानाध्यक्ष पोखरी के नेतृत्व में पुलिस व एसओजी की टीम ने टेक्निकल सपोर्ट के आधार पर संदिग्धों से पूछताछ व साक्ष्य एकत्र कर 48 घंटे के भीतर ब्लाइंड मर्डर का खुलासा कर दिया।। हत्या की घटना को अंजाम देने वाले आरोपी 22 वर्षीय हिमांशु कुमार पुत्र स्व. हरीश लाल निवासी ग्राम पोगठा थाना पोखरी को गिरफ्तार किया है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक उत्तम कुमार रिश्ते में उसका भाई लगता है। साथ ही दोनों खच्चर चलाने का कार्य करते थे। आरोपी ने पुलिस को बताया कि बीती 11 नवंबर की शाम को उसने दोस्तों के साथ मिलकर शराब पी थी। घर जाते समय किसी बात को लेकर उत्तम के साथ उसकी बहस हो गई। आरोपी ने बताया कि उत्तम उसे गालियां देने लगा। जिसके बाद उन दोनों के बीच हाथापाई शुरु हो गई व गुस्से में आकर उसने उत्तम धक्का देकर गिरा दिया और उसकी छाती पर एक बड़ा पत्थर रख दिया। जिससे वह उठ न सके। इसके बाद वह चुपचाप वहां से अपने घर को चला गया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस द्वारा घटना के दिन मृतक द्वारा पहने कपड़े और मारने हेतु प्रयोग किए पत्थर को बरामद किया है। मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक विनोद चौरसिया, प्रशांत बिष्ट, अप उप निरीक्षक दलबीर सिंह आदि मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

You cannot copy content of this page