
हल्द्वानी। हल्द्वानी के गौलापार में गुरुवार दोपहर घरेलू विवाद से गुस्साए पति ने पत्नी के सिर पर फावड़े के हत्थे से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को एसटीएच से प्राथमिक इलाज के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां शुक्रवार को इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस के मुताबिक, देवला तल्ला पजाया गौलापार, काठगोदाम निवासी 56 वर्षीय महेंद्र सिंह रावत किसान हैं। उनका अकसर 45 वर्षीय पत्नी नीलम रावत से विवाद होता रहता था। गुरुवार दोपहर को भी दोनों में किसी बात पर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर नीलम घर में रखी तलवार उठाकर पति की तरफ बढ़ीं। बचाव में महेंद्र ने पास रखे फावड़े के हत्थे से सिर पर हमला कर दिया। सिर पर चोट लगने से नीलम अचेत होकर गिर पड़ी। आरोपी पति ने खुद पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने महिला को एसटीएच पहुंचाया। नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर भेजा। इसके बाद परिजनों ने उसे हल्द्वानी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। काठगोदाम एसएचओ जसवीर सिंह चौहान ने बताया कि मृतका की बहन की तहरीर पर आरोपी पति के खिलाफ हत्या की धाराओं में मामला दर्ज किया है।

