
हरिद्वार। हरिद्वार के मंगलौर में दो युवकों ने महिला को जंगल ले जाकर शराब पिलाई और सामूहिक दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपियों ने महिला को पीटकर घायल कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी महिला को सैदपुरा के जंगल में छोड़कर फरार हो गए। वहां कुछ लोगों ने महिला को बदहवास देखा तो उसके परिजनों को सूचना दी।
महिला को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया। महिला के पति की तहरीर पर एक नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। कोतवाली प्रभारी भगवान सिंह महर ने बताया कि महिला के पति की तहरीर पर पुलिस ने जयकुमार निवासी ग्राम थीथकी मंगलौर और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमों को लगाया गया है। वहीं, घटना से संबंधित बताया जा रहा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस इसकी जांच कर रही है। हालांकि, ‘जनपक्ष आजकल इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

