
रुड़की। हरिद्वार के रुड़की में युवक ने संपत्ति विवाद में गोली मारकर दोनों बहनों की हत्या की थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त तमंचा और छह खाली कारतूस बरामद कर लिए। साथ ही आरोपी को जेल भेज दिया।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि मंगलवार की रात विवेक उर्फ विक्की ने अपनी गणेशुपर सेक्टर रोड पर जीजा संदीप के साथ जा रही बड़ी बहन संगीता की तीन गोली मारकर हत्या कर दी थी। एक गोली संदीप को लगी थी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। इसके बाद उसने आजादनगर में रहने वाली दूसरी बहन पुष्पा की भी गोली मारकर हत्यार कर दी थी और फरार हो गया था।
एसएसपी ने बताया कि पुलिस ने संदीप को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया था जबकि दोनों महिलाओं के शव मोर्चरी में रखवा दिए थे। इस मामले में आरोपी के भांजे अर्जुन सिंह ने विवेक उर्फ विक्की के खिलाफ मंगलवार की रात में तहरीर दी थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया था। इसके बाद पुलिस ने रात में ही आरोपी को उसके गांव चुड़ियाला, भगवानपुर से गिरफ्तार कर लिया था।
बताया कि आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसका अपनी दोनों बहनों संपत्ति विवाद चल रहा था। इसी वजह से उसने अपनी दोनों बहनों की गोली मारकर हत्या कर दी है। एसएसपी ने बताया कि आरोपी के पास से घटना में बाइक, प्रयुक्त तमंचा और खाली कारतूस बरामद हुए हैं। आरोपी को जेल भेज दिया है। साथ ही उसका पुराना आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। पुलिय टीम में एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल, सीओ रुड़की ओशीन जोशी, कोतवाली प्रभारी मणिभूषण श्रीवास्तव, एसएसआई दीप कुमार, एसआई संतोष सेमवाल, नवीन कुमार, ब्रहमदत्त विजलवाण, पंकज कुमार, हरीश गैरोला, मनीष कवि, कांता प्रसाद, नितिन कुमार, प्रीतम सिंह, रणवीर सिंह, अजय बिष्ट, फरीद, सीआईयू से अश्वनी यादव, आशीष शर्मा, अजय काला, रविंद्र खत्री और महिपाल। शामिल रहे।
वहीं गोली लगने से आरोपी के जीजा संदीप की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है। पुलिस उसकी लगातार निगरानी कर रही है। साथ ही पुलिस उसके सही होने का इंतजार कर रही है। ताकि उसके जीजा के बयान दर्ज किए जा सकें और घटना के पीछे अन्य पहलुओं के बारे में भी जानकारी मिल सके। पुलिस आरोपी की मां से भी संपत्ति विवाद के की जानकारी जुटा रही है।
विक्की ने दोनों बहनों की हत्या को अंजाम एक शॉर्प शूटर की तरह दिया है। पुलिस की मानें तो तमंचे से एक के बाद एक छह राउंड गोली चलाना कोई मामूली बात नहीं है। इस तरह गोली वही चला सकता है जो हथियारों की अच्छी जानकारी रखता है। ऐसे में अंदाजा लगाया जा रहा है कि विक्की को हथियार चलाना अच्छी तरह आता है।

