ख़बर शेयर करें -

रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में चौंकाने वाली स्थिति सामने आई है। जिलेभर में अलग-अलग प्रतिष्ठानों से एकत्र किए गए खाद्य पदार्थों के 53 नमूनों की जांच रिपोर्ट में 16 नमूने मानकों पर खरे नहीं उतरे।

 

जांच में धनिया पाउडर, चीनी, मिठाई, बेकरी उत्पाद, दूध, सरसों व वनस्पति तेल, दालों के साथ चिकन बिरयानी के नमूने भी अद्योमानक पाए गए हैं। रिपोर्ट सामने आने के बाद खाद्य विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी कर 21 दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

 

सहायक आयुक्त एवं जिला अभिहित अधिकारी ललित मोहन पांडे ने बताया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें समय-समय पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण और छापेमारी कर नमूने एकत्र करती हैं। विभिन्न प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूनों को जांच के लिए रुद्रपुर स्थित प्रयोगशाला भेजा गया था। अब 53 नमूनों की रिपोर्ट विभाग को प्राप्त हुई है, जिनमें 16 नमूने जांच में फेल पाए गए। ललित मोहन पांडे ने बताया कि संबंधित प्रतिष्ठानों से 21 दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है। निर्धारित अवधि में मिलने वाले जवाबों की समीक्षा की जाएगी। यदि जवाब संतोषजनक नहीं पाए गए तो संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। खाद्य विभाग का उद्देश्य बाजार में गुणवत्तापूर्ण और मानकों के अनुरूप खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।

 

खाद्य विभाग की टीमों ने जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए थे। विभाग को 53 नमूनों की रिपोर्ट प्राप्त हुई है, जिनमें 16 नमूने जांच में अद्योमानक पाए गए हैं। – ललित मोहन पांडे, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा

 

 

जांच रिपोर्ट के अनुसार धनिया पाउडर के दो, चीनी के दो, मिठाई के दो, बेकरी उत्पाद का एक, दूध का एक, सरसों और वनस्पति तेल के दो तथा उड़द, राजमा और धुली मूंग दाल के तीन नमूने अद्योमानक पाए गए हैं। इसके अलावा चिकन बिरयानी के तीन नमूनों में भी मानकों के अनुरूप गुणवत्ता नहीं मिली। इन नमूनों के संबंध में खाद्य विभाग संबंधित प्रतिष्ठानों से जवाब तलब कर रहा है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page