
लालकुआं। दुग्ध उत्पादकों के हित में प्रदेश सरकार ने 30 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। इससे प्रदेश के करीब 52 हजार दुग्ध उत्पादक परिवारों को लाभ मिलने की उम्मीद है। लालकुआं नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा का आभार जताया है।
मुकेश बोरा ने बताया कि स्वीकृत 30 करोड़ रुपये में 14 करोड़ रुपये दूध मूल्य प्रोत्साहन, 13 करोड़ रुपये साईलेज अनुदान और तीन करोड़ रुपये चारा परिवहन अनुदान के लिए निर्धारित किए गए हैं। इस निर्णय का लाभ मैदानी और पर्वतीय क्षेत्रों के दुग्ध उत्पादकों को मिलेगा।
उन्होंने बताया कि लालकुआं दुग्ध संघ से जुड़े करीब 34 हजार दुग्ध उत्पादक परिवार भी इस योजना से लाभान्वित होंगे। स्वीकृत धनराशि में से दूध मूल्य प्रोत्साहन के 14 करोड़ रुपये में लालकुआं दुग्ध संघ को करीब साढ़े आठ करोड़ रुपये मिलने का अनुमान है। इसी तरह 13 करोड़ रुपये के साईलेज अनुदान में संघ को करीब साढ़े सात करोड़ और तीन करोड़ रुपये के चारा परिवहन अनुदान में लगभग डेढ़ करोड़ रुपये मिलने की उम्मीद है।
दुग्ध संघ अध्यक्ष के अनुसार साईलेज अनुदान मिलने से दुधारू पशुओं के लिए पौष्टिक चारे की उपलब्धता बढ़ेगी। वहीं, चारा परिवहन अनुदान से पशुपालकों को चारे को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने में होने वाले खर्च में राहत मिलेगी। इससे दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा मिलने के साथ पशुपालकों की आय में भी वृद्धि होने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के 52 हजार दुग्ध उत्पादक परिवार ग्रामीण अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। दुग्ध व्यवसाय से बड़ी संख्या में परिवारों की आजीविका जुड़ी हुई है। ऐसे में सरकार की ओर से दूध मूल्य प्रोत्साहन, साईलेज और चारा परिवहन के लिए दी जा रही सहायता से दुग्ध उत्पादकों को आर्थिक संबल मिलेगा।
मुकेश बोरा ने कहा कि सरकार के इस निर्णय से दुग्ध व्यवसाय को प्रोत्साहन मिलेगा और पशुपालकों को उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा का दुग्ध उत्पादकों के हित में 30 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत करने के लिए आभार जताया।



