
टिहरी। हरिद्वार से कर्णप्रयाग जा रही यात्रियों से भरी विश्वनाथ सेवा की बस मंगलवार सुबह गूलर बाजार के समीप भीषण हादसे का शिकार हो गई। ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर बस अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसे में अब तक आठ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 20 घायलों को रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया है। इनमें से 19 घायलों को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया है। एक घायल ने एम्स पहुंचने के दौरान दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार बस मंगलवार सुबह करीब 3:30 बजे हरिद्वार से कर्णप्रयाग के लिए रवाना हुई थी। हादसे के समय बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे। गूलर बाजार के समीप बस दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट ब्यासी और ढालवाला की टीमें मौके पर पहुंचीं और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया।
एसएसपी श्वेता चौबे ने बताया कि हादसे में चार लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि अन्य लोगों की तलाश और रेस्क्यू अभियान जारी है। बस में फंसे और खाई में गिरे यात्रियों को निकालने के लिए पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें लगातार जुटी हुई हैं। सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर एसडीआरएफ की अतिरिक्त टीमें भी घटनास्थल पर भेजी गई हैं।
**इन घायलों को कराया गया अस्पताल में भर्ती**
हादसे में घायल मोहम्मद वहाब अंसारी (22), निवासी दुमका झारखंड, राहुल कुमार (24), निवासी पटना बिहार, अभिषेक (28), निवासी जसपुर ऊधमसिंहनगर, प्रत्यूष (23), निवासी खटीमा, आयरा (3) और नूर जहां (26), निवासी गुवाहाटी असम, राजकुमार (32), निवासी दुमका झारखंड, जतिन (21), निवासी शाहदरा दिल्ली, पंकज नेगी (31), निवासी रुद्रप्रयाग, संतोष कुमार (38), निवासी जहानाबाद बिहार और वीरेंद्र सिंह (58), निवासी कर्णप्रयाग सहित अन्य घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है।
**अब तक इन मृतकों की हुई पहचान**
हादसे में जान गंवाने वालों में कुंवर सिंह (60) पुत्र बचन सिंह, निवासी रांसी, ऊखीमठ; मदन सिंह (40) पुत्र मोहन सिंह; सूरत सिंह (42) पुत्र भीम सिंह, निवासी देड़ा, ऊखीमठ तथा बलवीर सिंह (70) पुत्र बिहारी सिंह, निवासी दादा गीड बस्ती, रांसी, ऊखीमठ के नाम सामने आए हैं।
- हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्गम खाई और गदेरे में बस गिरने के कारण रेस्क्यू टीमों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें समन्वय बनाकर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं।



