
बाजपुर। ऊधमसिंहनगर पुलिस ने सुल्तानपुर पट्टी चौकी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक टूरिस्ट बस से 348 कनस्तर अवैध लीसे के साथ बस चालक समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बरामद लीसे की अनुमानित कीमत करीब 10.5 लाख रुपये आंकी गई है।
त्योहारी सीजन के मद्देनजर एसएसपी के निर्देश पर जिले में संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की सघन चेकिंग की जा रही है। इसी क्रम में सुल्तानपुर पट्टी चौकी पुलिस छोई मोड़ पर वाहनों की जांच कर रही थी। इस दौरान पुलिस ने संदिग्ध प्रतीत हो रही एक टूरिस्ट बस को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान बस की सभी सीटें उखड़ी हुई मिलीं और फर्श पर काली पन्नी बिछी थी। पन्नी हटाने पर उसके नीचे और बस की डिग्गी में लीसे के कनस्तर लदे मिले। गिनती करने पर कुल 348 कनस्तर लीसा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बरामद लीसा मनोज रावत का है। वह इसे द्वाराहाट अल्मोड़ा से भरकर पुलभट्टा टोल प्लाजा के पास स्थित एक फैक्ट्री में ले जा रहे थे। माल सुरक्षित पहुंचाने के एवज में उन्हें तय कमीशन मिलना था। पुलिस के अनुसार आरोपी लीसा परिवहन से संबंधित कोई वैध रवन्ना या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने बिठोरिया मुखानी हल्द्वानी निवासी मनोज सिंह, देवली लमगड़ा निवासी भवान सिंह, बिंदुखत्ता लालकुआं निवासी हेमचंद्र महतोलिया और जैती लमगड़ा निवासी पान सिंह को गिरफ्तार किया। उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह की तहरीर पर कोतवाली बाजपुर में आरोपियों पर वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस टीम में एसआई सुरेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल जगत सिंह अधिकारी, कांस्टेबल नवल किशोर, कैलाश काला और रमेश पांडे शामिल रहे।

