ख़बर शेयर करें -

बदरीनाथ (चमोली)। बदरीनाथ धाम में थाली भेंट गणना के दौरान धनराशि उठाने के मामले में बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) की शिकायत पर आरोपी कर्मचारी प्रमोद नौटियाल के खिलाफ बदरीनाथ थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

 

बीकेटीसी की ओर से पुलिस को सौंपे गए शिकायती पत्र में जांच समिति की प्राथमिक रिपोर्ट का उल्लेख किया गया है। इसके अनुसार प्रथम दृष्टया पुष्टि हुई है कि आरोपी कर्मचारी ने सुबह करीब नौ से साढ़े नौ बजे के बीच थाली भेंट गणना स्थल से अवैध रूप से धनराशि उठाई थी।

 

जांच रिपोर्ट के आधार पर समिति ने संबंधित कर्मचारी को पहले ही निलंबित कर दिया है। बुधवार को बीकेटीसी ने मामले की औपचारिक शिकायत बदरीनाथ थाने में दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने प्रमोद नौटियाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बीकेटीसी की टीम ने दूसरे दिन भी सीसीटीवी फुटेज की गहन पड़ताल की। इसके साथ ही मंदिर समिति के कर्मचारियों से भी पूछताछ की। जांच के दौरान टीम ने करीब 40 दिन पुराने सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया और गणना प्रक्रिया से संबंधित गतिविधियों की बारीकी से जांच की। बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने बताया कि दिनभर अलग-अलग चरणों में फुटेज की जांच की गई। गणना कक्ष का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं और प्रक्रिया का भी परीक्षण किया गया। जांच अंतिम चरण में है और जल्द ही पूरी रिपोर्ट तैयार कर ली जाएगी।

 

चढ़ावा चोरी का आरोपी बीकेटीसी कर्मचारी प्रमोद नौटियाल को समिति ने बदरीनाथ से हटाकर ज्योतिर्मठ कार्यालय से संबद्ध कर दिया है। इस समय नौटियाल एक सप्ताह के अवकाश पर है। उसने चार जुलाई को कार्यालय में आकस्मिक अवकाश का प्रार्थना पत्र दिया है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page