ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। गौला बाईपास रोड पर तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार सुबह इंदिरा नगर रेलवे फाटक के सामने एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। शनि बाजार रोड की ओर बाइक मोड़ रहे युवक को सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार उछलकर सड़क पर जा गिरा और गंभीर चोटों के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि टक्कर में मृतक के पैर का पंजा तक शरीर से अलग हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे बाइक संख्या यूके 06 बीके 0927 का चालक गौला बाईपास से शनि बाजार रोड की ओर जाने के लिए बाइक मोड़ रहा था। इसी दौरान सामने की ओर से तेज गति से आ रही स्कॉर्पियो कार ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। अचानक हुई इस जोरदार भिड़ंत के बाद बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के दुकानदारों और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

 

सूचना मिलने पर बनभूलपुरा पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटना का जायजा लिया। पुलिस ने घायल बाइक सवार को मृत पाया। इसके बाद शव को एंबुलेंस के माध्यम से भिजवाया गया। पुलिस ने तलाशी के दौरान मृतक के पास से नकदी समेत अन्य जरूरी सामान बरामद किया।

 

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान प्रदीप हलदार पुत्र अनंत हलदार निवासी गोविंदनगर, शक्तिफार्म, जनपद ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने परिजनों को सूचना देने और दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की कार्रवाई शुरू कर दी है।

गौला बाईपास पर लगातार दूसरे दिन सड़क हादसा होने से इस मार्ग की यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। व्यस्त मार्ग होने के कारण यहां दिनभर छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही रहती है। इसके बावजूद तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं होने से दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि गौला बाईपास पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही पर अंकुश लगाने के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है। संवेदनशील स्थानों पर गति नियंत्रण के इंतजाम, यातायात पुलिस की नियमित निगरानी और जरूरी सुरक्षा उपाय किए जाने चाहिए। लोगों ने मांग की है कि प्रशासन और पुलिस इस मार्ग पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए प्रभावी कार्रवाई करें, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को इस तरह का दुख न झेलना पड़े।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page