ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। भवाली-हल्द्वानी हाईवे पर भुजियाघाट क्षेत्र में शनिवार देर रात 10 से 15 युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। एक होटल में खाना खाकर ये सभी बगैर भुगतान किए कार से भाग निकले। इस बीच एक व्यक्ति ने इसकी सूचना पुलिस को दी, तो युवकों ने उसके साथ मारपीट कर सड़क जाम कर दी।

 

सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मियों के साथ भी युवक मारपीट पर उतारू हो गए, आरोप है कि इस बीच वर्दी तक फाड़ डाली। हंगामा बढ़ने पर वे सभी फरार हो गए। कांस्टेबल की तहरीर पर तल्लीताल थाना पुलिस ने पांच नामजद और आठ अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

 

कांस्टेबल राजेंद्र कुमार जोशी ने तल्लीताल थाने में दी तहरीर में कहा कि शनिवार रात कांस्टेबल श्याम सिंह, पीआरडी भूपाल सिंह खाती यातायात व्यवस्था बनाए रखने को लेकर भुजियाघाट चौकी से रवाना हुए। रात करीब 9.30 बजे पीआरडी जवान भूपाल सिंह खाती के साथ भुजियाघाट में जाम खुलवा रहे थे, जबकि दोगांव में जाम की सूचना पर कांस्टेबल श्याम सिंह वहां गए थे। इसी बीच उसके पास क्षेत्र पंचायत सदस्य गौरव रमोला का फोन आया, लेकिन नेटवर्क की दिक्कत के चलते बात नहीं हो सकी। इसके बाद साथ में तैनात पीआरडी जवान खाती के मोबाइल पर फोन आया कि एक लाल रंग की कार में सवार कुछ लोग एक होटल में खाना खाकर बिना भुगतान किए ज्योलीकोट की ओर आए हैं। सूचना पर ड्यूटी प्वाइंट पर ही वाहन का इंतजार करने लगे। ड्यूटी प्वाइंट पर पहुंचने से पहले ही वाहन रोक युवकों ने सूचना देने वाले के साथ मारपीट कर सड़क जाम कर दी। जब वहां अन्य पुलिसकर्मियों के साथ पहुंचे, तो दस से 15 युवक उनके साथ भी मारपीट पर उतारू हो गए, युवकों ने वर्दी भी फाड़ दी। जब सूचना देने वाले को बचाकर चौकी लाने लगे, तो सभी युवकों ने सड़क बाधित कर उसे जान से मारने की धमकी दी। हंगामा बढ़ने पर कुछ लोग मौके पर पहुंचे तो युवक कार से फरार हो गए। तल्लीताल थानाध्यक्ष हरपाल सिंह ने बताया कि शिकायत पर भुजियाघाट निवासी कुबेर जीना, हर्षित जीना, कौशल जीना, मनीष खाती, हिमांशु बिष्ट समेत आठ अज्ञात के विरुद्ध बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page