ख़बर शेयर करें -

देहरादून। फिल्म अभिनेत्री उर्वशी रौतेला के उर्वशी मंदिर पर दिए विवादित बयान ने तूल पकड़ लिया है। बयान से गुस्साए उत्तराखंड चारधाम तीर्थ महापंचायत और ब्रह्म कपाल तीर्थ पुरोहित पंचायत समिति के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस महानिदेशक को ज्ञापन देकर उर्वशी और यूट्यूब चैनल पर कार्रवाई की मांग की है।

एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। जिसमें उर्वशी रौतेला, उर्वशी मंदिर को अपने नाम का बता रही है। वह यह भी कह रही हैं कि दक्षिण भारत में भी इस नाम से मंदिर स्थापित होना चाहिए। उत्तराखंड चार धाम तीर्थ पुरोहित महापंचायत के प्रवक्ता प्रशांत डिमरी ने कहा कि इस बयान से सनातन धर्म और मां उर्वशी देवी में आस्था रखने वालों की भावना आहत हुई है। इसको लेकर स्थानीय लोगों और तीर्थ पुरोहितों में नाराजगी है।
ब्रह्म कपाल तीर्थ पुरोहित पंचायत समिति बदरीनाथ धाम के केंद्रीय अध्यक्ष उमेश सती ने कहा कि उर्वशी रौतेला एवं सोशल मीडिया चैनल संचालक पर अविलंब कार्रवाई की जाए। उन्होंने बताया कि इस संबंध में डीजीपी को चार धामतीर्थ पुरोहित महापंचायत और ब्रह्म कपाल तीर्थ पुरोहित पंचायत समिति ने अलग-अलग ज्ञापन दिए हैं। संयुक्त प्रतिनिधिमंडल में उमेश सती, मीडिया प्रभारी महा पंचायत रजनीकांत सेमवाल, प्रवक्ता प्रशांत डिमरी, सुरेश हटवाल, मनीष कोठियाल आदि उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page