ख़बर शेयर करें -

प्रसव के बाद बिगड़ी महिला की हालत, अधिक रक्तस्राव से मौत की आशंका; जांच रिपोर्ट का इंतजार

 

**पिथौरागढ़।** जिला महिला अस्पताल में प्रसव के दौरान एक गर्भवती महिला और उसके नवजात शिशु की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल खड़े हो गए हैं। महिला की मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। प्रसव के बाद अत्यधिक रक्तस्राव होने से उसकी मौत की आशंका जताई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की बात कही है।

 

जिला मुख्यालय से लगे एक गांव की करीब 26 वर्षीय रेखा देवी को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन गुरुवार रात जिला महिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। रात करीब 11:30 बजे महिला का सामान्य प्रसव हुआ। बताया जा रहा है कि नवजात मृत पैदा हुआ था। इसके बाद महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसे ऑपरेशन थियेटर से सामान्य वार्ड में लाया गया, जहां कुछ देर बाद उसने दम तोड़ दिया।

 

घटना के बाद महिला की मौत के कारणों को लेकर अस्पताल प्रबंधन की ओर से स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। शुक्रवार को ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों ने भी मामले की जानकारी होने से इनकार किया, जबकि अस्पताल की सीएमएस डॉ. भागीरथी गब्र्याल से संपर्क नहीं हो सका। परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए महिला का शव घर ले गए।

 

सीएमओ डॉ. जीवन सिंह चुफाल ने बताया कि महिला और नवजात की मौत की जानकारी मिली है। अस्पताल की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। घटना ने जिला महिला अस्पताल की प्रसव सेवाओं और आपात स्थिति में मरीजों को उपलब्ध कराए जाने वाले उपचार को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब जांच रिपोर्ट से ही स्पष्ट होगा कि महिला की हालत बिगड़ने के पीछे क्या कारण रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page