
नैनीताल। देश-विदेश में चर्चित फिल्म ‘हनुमान अंश’ के अभिनेता शोभिनव सत्या अपनी टीम के साथ विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम पहुंचे। उन्होंने बाबा नीम करौली महाराज के दरबार में शीश नवाकर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने जनहित में श्रद्धालुओं और पर्यटकों से व्यवस्थाओं में सहयोग की अपील भी की।
कैंची धाम में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए तैनात नैनीताल पुलिस एवं उत्तराखंड पुलिस की व्यवस्थाओं और सेवा भाव की अभिनेता शोभिनव सत्या ने सराहना की। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के दौरान व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन की भूमिका महत्वपूर्ण होती है।
अभिनेता ने श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों से पुलिस-प्रशासन की ओर से निर्धारित यातायात एवं सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नियमों का पालन कर श्रद्धालु स्वयं भी सुरक्षित रह सकते हैं और अन्य लोगों को भी सुगम दर्शन का अवसर मिल सकता है।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल ने अभिनेता शोभिनव सत्या के साथ मौजूद रागिनी सोना और पूर्णिमा तिवारी को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने फिल्म ‘हनुमान अंश’ की सफलता के लिए पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं।
कैंची धाम में अभिनेता और उनकी टीम की मौजूदगी के दौरान श्रद्धालुओं में भी उत्साह नजर आया। बाबा नीम करौली महाराज के प्रति आस्था व्यक्त करते हुए शोभिनव सत्या ने धाम की आध्यात्मिक अनुभूति को विशेष बताया और सभी से धार्मिक स्थलों की गरिमा बनाए रखने की अपील की।



