ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। उध्मसिंहनगर के जिला मुख्यालय रुद्रपुर में सरकार के खिलाफ भारी विरोध प्रदर्शन करने के बाद कांग्रेस ने जन आक्रोश रैली के माध्यम से हुंकार भरने के लिए नैनीताल जनपद का रुख किया है। बढ़ते भ्रष्टाचार, महिला अपराध व जनप्रतिनिधियों की अनदेखी के विरोध में 30 सितंबर को कांग्रेस जन आक्रोश रैली निकालेगी। रैली में प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा समेत तमाम बड़े नेता शामिल होंगे।

शनिवार को नैनीताल रोड स्थित एक होटल में प्रेस वार्ता करते हुए नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने भाजपा सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिला खनन न्यास निधि से कांग्रेस विधायकों के प्रस्तावों को राशि उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। हल्द्वानी में गौला पुल ध्वस्त हुआ था तो तत्कालीन कैबिनेट मंत्री स्व. इंदिरा हृदयेश ने गौला पर नया पुल बना दिया था। अब यह सरकार उसी की मरम्मत करवा दे बहुत है। आरोप लगाया कि सरकारी कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों की अनदेखी की जा रही है। विधायक की उपेक्षा लोकतंत्रा के लिए घातक है इस पर भाजपा विधायकों ने चुप्पी क्यों साध रखी है। उन्होंने कहा कि सरकार ने डीएम को 5 व मंडलायुक्त को 10 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति का अधिकार दे दिया है, ऐसे में विधायक का प्रभाव खत्म हो गया है। भाजपा सरकार व जिला प्रशासन की तानाशाही के विरोध में 30 सितंबर को एमबी इंटर कॉलेज से डीएम कैंप कार्यालय तक जन आक्रोश रैली निकाली जाएगी। फिर रुद्रपुर में होगी। बाद में नैनीताल में मंडलायुक्त का भी घेराव किया जाएगा। बाद में तहसील स्तर पर भी प्रदर्शन होंगे।


विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि नगर निगम की स्ट्रीट लाइटों में घोटाला है। घनी आबादी के बीच गौशाला बनाई जा रही है। कोविड-19 के दौरान के केस, किसानों के प्रदर्शन मामले में भी उन्हें जमानत लेनी पड़ रही है। सरकार ने अपना एक भी वादा पूरा नहीं किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता को सिर्फ परेशान किया जा रहा है, बाजार में पहले शौचालय तोड़ दिया बाद में फिर से बनाया जा रहा है। इसी के विरोध में जन आक्रोश रैली होगी जिसमें प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी समेत दिग्गज शामिल होंगे। जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल, महानगर अध्यक्ष गोविंद बिष्ट, महानगर महिला अध्यक्ष मधु सांगुड़ी, सतीश नैनवाल, हेमंत बगड़वाल, एनबी गुणवंत, राजेंद्र सिंह बिष्ट, सुहेल सिद्दीकी, मयंक भट्ट, दीप पाठक आदि मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page