ख़बर शेयर करें -
  1. देहरादून। उत्तराखंड में नये साल का आगाज बारिश और बर्फबारी के साथ होगा। मौसम विभाग ने 30-31 दिसंबर और एक जनवरी को पांच पहाड़ी जिलों में बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान जारी किया है। इस बीच, बुधवार को प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में कोहरा छाया रहा। कोहरे के चलते देश के विभिन्न हिस्सों से देहरादून आने वाली उड़ानें, ट्रेन और बस सेवा भी प्रभावित हुईं।

मौसम विभाग के कार्यवाहक निदेशक डॉ.रोहित थपलियाल ने बताया कि उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ का असर 30 दिसंबर से दिखाई देगा, जो एक जनवरी तक रहेगा। इससे चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की बारिश की संभावना है। इन्हीं जिलों में तीन हजार मीटर से ज्यादा ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के भी आसार हैं। हरिद्वार और यूएसनगर जनपदों में सुबह-शाम कोहरा छाएगा। इन जिलों में तीन दिन ऐसी ही स्थिति बनी रहने की संभावना है।

डॉ.थपलियाल ने बताया कि प्रदेश में बारिश नहीं होने से तापमान सामान्य से ज्यादा बना हुआ है। बुधवार को दून का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा। राजधानी में अधिकतम तापमान 25.8 दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस ज्यादा 8.4 रहा। उधर, हरिद्वार में बुधवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। कोहरे में दृश्यता कम होने से सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। कोहरे के चलते दिल्ली से दून आने वाली एक फ्लाइट देर से पहुंची जबकि एक रद्द कर दी गई। मुंबई से आने वाली फ्लाइट भी करीब एक घंटे की देरी से जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर उतरी। दूसरी ओर, गढ़वाल मंडल के पर्वतीय जिलों और कुमाऊं मंडल में मौसम खुशनुमा रहा।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page