ख़बर शेयर करें -

अल्मोड़ा। अल्मोड़ा जिले में सल्ट के पीपना गांव में एक वृद्धा से लूटपाट का मामला सामने आया है। एक अज्ञात युवक ने महिला से छीनाझपटी कर करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत के गहने लूट लिए और महिला को घायल कर वहां से फरार हो गया। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी की खोजबीन शुरू कर दी है।

पीपना गांव निवासी कौशल्या देवी (65) पत्नी किशोर सिंह अपनी रिश्तेदारी में कहीं गई हुई थी। वह मौलेखाल बाजार से अपने घर पीपना जाने के बाद एक निजी टैक्सी में सवार हुई। रास्ते में कफल्टा नामक स्थान से एक युवक भी इस वाहन में सवार हुआ। थोड़ी देर बाद महिला पीपना में वाहन से उतरी तो यह युवक भी टैक्सी चालक को किराया देकर वहीं पर उतर गया।

महिला अपने गांव के पैदल रास्ते पर जाने लगी तो युवक उसके पीछे पीछे हो लिया। सुनसान रास्ते में कौशल्या देवी को अकेले पाकर युवक से उसके साथ छीनाझपटी शुरू कर दी। युवक ने महिला के कान से उसके झुमके खींच लिए। गले की सोने की माला भी छीन ली। महिला के शोर मचाने पर युवक जेवर लेकर वहां से फरार हो गया। आसपास के लोगों को इसकी जानकारी मिलने पर ग्राम प्रधान देवेंद्र सिंह कड़ाकोटी ने इसकी जानकारी सल्ट थाने में दी।
लूटपाट की घटना में घायल कौशल्या देवी को आनन फानन में पुलिस के वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवायल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसके कान में टांके लगाए। उपचार के बाद महिला को उसके घर छोड़ दिया गया।
सल्ट के थानाध्यक्ष अजेंद्र प्रसाद ने बताया कि पीपना में महिला के साथ लूटपाट की घटना सामने आई है। महिला अभी घायल है इसलिए उनकी तरफ से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। फिर भी मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी युवक की तलाश शुरू कर दी गई है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page