ख़बर शेयर करें -

पिथौरागढ़। कांग्रेस के दमदार पिथौरागढ़ के विधायक मयूख महर ने क्या कांग्रेस पार्टी के भीतर विभाजन की एक और रेखा खींच दी है। फिलहाल तो मयूख महर एक पार्टी बनाकर उम्मीदवार उतारने का ऐलान कर चुके हैं। अब कांग्रेस हाईकमान ही इस पूरे मामले किस तरह सुलझाती है। फिलहाल मयूख महर के तेवर विद्रोही लग रहे हैं।

कांग्रेस विधायक मयूख महर ने अपनी तरफ से नगर के एक बारातघर में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में शामिल पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के साथ हुई चर्चा के बाद सोशल मीडिया में एक पोस्ट की है। इसमें उन्होंने साफ कर दिया कि वह वर्तमान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन महरा के पद पर रहते हुए कांग्रेस में नहीं लौटेंगे। नगर निगम चुनाव में अपने समर्थित प्रत्याशी को कांग्रेस का टिकट नहीं देने से नाराज महर ने इसके साथ ही ऐलान कर दिया है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में पिथौरागढ़ और चम्पावत जिले की 6 विधानसभा सीटों पर वह अपने प्रत्याशी लड़ाएंगे। मयूख ने अपने इन प्रत्याशियों के चुनाव जीतने का दावा भी किया है। सोशल मीडिया में जारी पोस्ट में मयूख ने कहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के साथ उनकी काफी देर चर्चा हुई। मयूख ने कहा है कि लेकिन पूर्व सीएम ने यहां आने में बहुत देर कर दी। मयूख ने जोड़ा कि इस उम्र में हरीश रावत का जज्बा और संघर्ष काबिले गौर है। उन्होंने हरीश रावत को उत्तराखंड में कांग्रेस के भीष्म पितामह तक की संज्ञा तक दे दी। कहा कि भीष्म पितामह ने पांडवों और कौरवों के युद्ध में मौन साध लिया था।

मयूख ने कहा कि उन्होंने जब नगर निकाय चुनाव के दौरान अपनी बात रखी तो कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने पिथौरागढ़ के सुभाष चौक में पार्टी के ही लोगों के बीच उनके लिए तमाम आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया। मयूख ने सवाल किया कि जब पूरे उत्तराखंड में क्षेत्रीय विधायकों की राय के अनुसार प्रत्याशी तय किए जा रहे थे, तब पिथौरागढ़ में ऐसा क्यों नहीं किया गया? कहा है कि वह भी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार से ताल्लुक रखते हैं। संघर्ष करना उनके खून में है। उन्होंने कहा कि संघर्ष करना भी उन्होंने हरीश रावत से ही सीखा है। मयूख बोले, नगर निगम चुनाव में सरकार और प्रशासन ने मिलकर धोखा किया, वरना नतीजा तो हमारे पक्ष में ही होता। मयूख ने कहा कि स्वाभिमान के लिए उन्होंने तय किया है कि जब तक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा हैं, तब तक वह कांग्रेस में नहीं हैं।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

You cannot copy content of this page