
देहरादून। उत्तराखंड में मानसून की विदाई की स्थितियां बनने लगी हैं। इस बीच, मौसम विभाग ने गुरुवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर व पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना जताई है।
मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने बुधवार को बताया कि उत्तराखंड में वर्तमान परिस्थितियां के हिसाब से अगले दो-तीन दिन के भीतर प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों से मानसून विदा हो जाएगा।
विभाग के अनुसार, राज्य में पिछले 24 घंटे के दौरान जखोली में 20 मिमी, जानकीचट्टी में नौ, कर्णप्रयाग में 8.5, ताकुला में 7.5, थल में चार, चौबटिया रानीखेत में 3.5, मुक्तेश्वर में तीन मिमी बारिश दर्ज की गई। बुधवार को देहरादून में अधिकतम तापमान 32.1 और न्यूनतम 19.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

