ख़बर शेयर करें -

अल्मोड़ा। रानीखेत तहसील अंतर्गत ऐना गांव में हुए चर्चित सागर हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी जगत सिंह बोरा निवासी ऐना को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू और लोहे का घन भी बरामद कर लिया गया है।

 

एसएसपी चंद्रशेखर घोडके ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 8:11 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि ऐना गांव में एक युवक की हत्या कर दी गई है। साथ ही दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हैं। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक रानीखेत भुवन चंद्र जोशी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। कमरे के भीतर जितेंद्र सिंह उर्फ सागर पुत्र चंदन सिंह का शव पड़ा मिला, जबकि उसकी बुवा जानकी देवी और दादी शोभा देवी गंभीर रूप से घायल थीं। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। एसएसपी ने बताया कि मृतक के फुफेरे भाई नीरज बोरा की तहरीर पर कोतवाली रानीखेत में बीएनएस की धारा 103 और 109 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसके बाद पुलिस टीम गठित कर शनिवार को जनाड़ु होटल के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

एसएसपी के अनुसार पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि करीब दो माह पहले गांव में एक शादी समारोह के दौरान स्कूटी में आए स्क्रैच को लेकर उसका मृतक और उसके भाई से विवाद हुआ था। उसी दिन उसने बदला लेने की ठान ली थी। योजना के तहत वह खैरना से खरीदा हुआ लोहे का घन और रानीखेत से खरीदा चाकू लेकर मृतक के घर पहुंचा और वारदात को अंजाम दिया। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचीं मृतक की मां और दादी पर भी उसने हमला कर दिया। एसएसपी घोडके ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू और लोहे का घन बरामद कर लिया गया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तारी टीम में प्रभारी निरीक्षक भुवन चंद्र जोशी, कांस्टेबल कमल गोस्वामी,वरुण राज टम्टा, आनंद सिंह शामिल रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page