
उत्तरकाशी। उत्तरकाशी के पुरोला विकासखंड के एक गांव में 13 वर्षीय बालक पर नौ वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का आरोप लगा है। बच्ची के पिता ने प्राथमिकी दर्ज करवाई है। पुलिस ने विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार नौ वर्षीय बच्ची के पिता की ओर से दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि बुधवार को बच्ची की मां गांव से और पिता घर से बाहर गए हुए थे। बच्ची 13 वर्षीय बालक के साथ खेल रही थी। उक्त बालक उसे खेल-खेल में बहला फुसलाकर एक भवन के पीछे ले गया और दुष्कर्म कर भाग गया।
जब पीड़ित के पिता घर पहुंचे तो बच्ची बहुत गंभीर स्थिति में थी। बच्ची ने उन्हें पूरी घटना की जानकारी दी। पिता उसे अस्पताल लेकर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। थानाध्यक्ष दीपक सिंह कठैत ने बताया कि दोनों नाबालिग हैं। पिता कि तहरीर पर विधिक कार्रवाई की जा रही है। बच्ची को मेडिकल के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया है और किशोर से पूछताछ की जा रही है।

