
कर्णप्रयाग। कर्णप्रयाग तहसील के बगोली गांव में माता-पिता पर जानलेवा हमला करने के आरोपी बेटे को कर्णप्रयाग पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर पुरसाड़ी जेल भेज दिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू, ब्लेड व लकड़ी का डंडा बरामद कर दिया है।
कर्णप्रयाग के थानाध्यक्ष विनोद थपलियाल ने बताया कि 11 अक्तूबर को बगोली गांव के विक्रम सिंह ने कोतवाली कर्णप्रयाग में तहरीर देकर बताया कि 10 अक्तूबर की रात करीब आठ बजे उनके 27 वर्षीय पुत्र मनोज ने उनके और उनकी पत्नी शांति देवी के साथ झगड़ा कर मारपीट की। मनोज ने अपने हाथ में लिए ब्लेड से उन्हें जान से मारने की नीयत से सीने व चेहरे पर वार किए। बचाव करने पर उनका गला दबाने का भी प्रयास किया गया। इस दौरान उनकी पत्नी व पड़ोसियों ने बीच-बचाव कर उनकी जान बचाई। यह भी आरोप लगाया कि उनका पुत्र चाकू लेकर भी उन्हें व उनकी पत्नी को मारने आया था तथा पूर्व में भी उन पर 3-4 बार हमला कर चुका है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कोतवाली कर्णप्रयाग में बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया और पुलिस टीम गठित कर आरोपी मनोज सिंह को 11 अक्तूबर को बगोली के पास से गिरफ्तार कर किया। आरोपी को पकड़ने वाली पुलिस टीम में एसआई वीरपाल सिंह, पुलिस कर्मी हरेन्द्र सिंह, राकेश पोखरियाल व पीआरडी भूपेंद्र लाल थे।



