
एसपी देहात जया बलोनी के नेतृत्व में टीम करेगी जांच, वायरल ऑडियो फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा
देहरादून। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या की ओर से पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ दर्ज कराई गई प्राथमिकी की जांच के लिए पुलिस ने 10 सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया है। एसपी देहात जया बलोनी के नेतृत्व में गठित टीम मामले से जुड़े आरोपों, तथ्यों और साक्ष्यों की गहनता से जांच करेगी। वहीं, मंत्री के पति का वायरल ऑडियो फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
मंत्री रेखा आर्या ने गुरुवार रात देहरादून की कैंट कोतवाली में शिकायत देकर पति पर प्रताड़ित करने, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने, दस्तावेजों पर फर्जी हस्ताक्षर कर उन्हें एक कंपनी के निदेशक पद से हटाने और एक अन्य महिला के साथ मिलकर उनकी हत्या का षड्यंत्र रचने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। शिकायत में उन्होंने पति के पहले से विवाहित होने और विवाहेत्तर संबंध होने की बात भी कही है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसआईटी प्रभारी एसपी देहात जया बलोनी ने बताया कि टीम प्रकरण से जुड़ी सभी जानकारियां जुटाने के साथ साक्ष्य एकत्र कर रही है। मंत्री का स्वास्थ्य ठीक होने के बाद उनके बयान दर्ज किए जाएंगे। इसके अलावा, वायरल ऑडियो को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है, ताकि उसकी सत्यता से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा सके।
देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि मंत्री की तहरीर के आधार पर कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए 10 सदस्यीय एसआईटी गठित कर उसे निष्पक्ष और गहन जांच के निर्देश दिए गए हैं।
एसपी देहात जया बलोनी के नेतृत्व वाली टीम में सीओ सहसपुर अनुज कुमार, शहर कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट, एसओजी सिटी प्रभारी संदीप कुमार, महिला उपनिरीक्षक विवयत्ता चौहान, उपनिरीक्षक कमलेश गौड़, उपनिरीक्षक संदीप कुमार, हेड कांस्टेबल किरन कुमार तथा कांस्टेबल अजय और संजीत कुमार शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है।



