
देहरादून। मसूरी में होटल बनाने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग की सुरक्षा खतरे में डालने वाले रसूखदारों पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है।
अवैध खुदाई कर हाईवे की सुरक्षा दीवार ढहाने के मामले में डीएम सविन बंसल ने कड़ा रुख अपनाते हुए आरोपियों पर 11.64 लाख रुपये की पेनाल्टी लगाई है। साथ ही, सड़क की मरम्मत में आने वाले करीब 80 लाख रुपये के खर्च की वसूली भी इन्हीं आरोपियों से करने के आदेश दिए हैं।
मामला मसूरी के किमी 162 (होटल देवलोक के पास) का है। यहां आवासीय नक्शे की आड़ में जेसीबी लगाकर नियमों के विरुद्ध अवैध खुदाई की जा रही थी, जिससे एनएच की रिटेनिंग वॉल गिर गई और पूरा मार्ग बंद करना पड़ा। संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद की जांच में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया। अनीता थलवाल पत्नी सभासद पवन थलवाल, सुनीता धनई और सतीश गोयल के नाम पर 349.50 वर्ग मीटर जमीन पर एमडीडीए से आवासीय नक्शा पास था।
लेकिन मौके पर जेसीबी से एनएच के किनारे अवैध खनन किया गया। जांच में 1522 घनमीटर अवैध खनन पाया गया, जिस पर खनन विभाग ने रॉयल्टी का तीन गुना यानी 11,64,164 रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
डीएम सविन बंसल ने साफ कहा कि जनसुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा। उन्होंने एमडीडीए को तत्काल प्रभाव से स्वीकृत मानचित्र निरस्त कर अवैध निर्माण को ध्वस्त करने के निर्देश दिए हैं। लोनिवि की ओर से तीनों आरोपियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराने के बाद अब जल्द ही चार्जशीट दाखिल कर कानूनी शिकंजा कसा जाएगा।

