ख़बर शेयर करें -

देहरादून डाक विभाग (मिनिस्ट्री ऑफ कम्युनिकेशन) में सरकारी नौकरी लगाने के नाम पर बेरोजगारों से लाखों रुपये ठग लिए गए।

ठगों ने न केवल पैसे ऐंठे बल्कि फर्जी इंटरव्यू कराए और जाली नियुक्ति पत्र भी थमा दिए। पैसे वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दी गई। कोर्ट के आदेश पर पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने बंजारावाला निवासी दंपति समेत तीन लोगों पर केसक दर्ज किया है। रुद्रप्रयाग के ऊखीमठ निवासी अमित सिंह ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि वह एक छात्र है।

कुछ समय पहले उनकी माता को एक परिचित पवन सकलानी ने बताया कि देहरादून के दुर्गा एन्क्लेव बंजारावाला निवासी गौरव कुमार, उसकी पत्नी अलका चौधरी और अंकुर वर्मा डाक विभाग में पैसे लेकर नौकरी लगाते हैं।

अमित ने अपनी और अपने दोस्तों ठाकुर सिंह और भूपेंद्र की नौकरी के लिए हामी भर दी। आरोप है कि गौरव और उसकी पत्नी अलका ने हर युवक से 12-12 लाख रुपये मांगे। अमित और उसके दोस्तों ने 27 लाख रुपये दिए। ठगों ने मिनिस्ट्री ऑफ कम्युनिकेशन डिपार्टमेंट ऑफ पोस्ट के फर्जी दस्तावेज तैयार किए। इंटरव्यू के लिए फर्जी ईमेल भेजा। एचडीएफसी बैंक का 50 हजार रुपये का ड्राफ्ट बनवाया। पीड़ितों को इंटरव्यू के लिए दिल्ली बुलाया। वहां फर्जी ज्वॉइनिंग लेटर, फर्जी आई-कार्ड और सिस्टम आईडी दी। इन पर असिस्टेंट डायरेक्टर के. मोहन के फर्जी हस्ताक्षर और जाली मुहर थी। पीड़ितों ने बाद में इसे डाक विभाग में दिखाया तो इनके फर्जी होने का पता लगा। अमित ने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने धमकी दी। पीड़ितों ने पुलिस में तहरीर दी पर केस दर्ज नहीं हुआ। इसके बाद कोर्ट ने केस दर्ज कराने का आदेश दिया। इंस्पेक्टर पटेलनगर सीबीएस अधिकारी ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page