ख़बर शेयर करें -

पौड़ी। पौड़ी के थलीसैंण थाना क्षेत्र के रौली गांव में एक युवक पर पेट्रोल छिड़ककर उसे जिंदा जलाने की कोशिश करने के आरोपी ने कीटनाशक पीकर जान दे दी। पुलिस ने सोमवार को आरोपी का शव गांव की सरहद पर पड़ने वाले गदेरे की झांड़ियों से बरामद किया है। आरोपी के विरुद्ध हत्या के प्रयास में मुकदमा दर्ज था।

थलीसैंण के थाना प्रभारी रविंद्र नेगी ने बताया कि रौली गांव निवासी आनंद सिंह ने बीती शनिवार शाम वीरेंद्र सिंह पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने की कोशिश की थी। इसमें वीरेंद्र सिंह गंभीर रूप से झुलस गया था। वीरेंद्र की पत्नी शांति देवी की तहरीर पर आरोपी आनंद सिंह पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

सोमवार सुबह करीब 9 बजे आनंद सिंह का शव रौली गांव की सरहद पर घराट के पास गदेरे की झाडियों से बरामद हुआ। शव के पास दो शीशी बरामद हुई। एक में कीटनाशक और दूसरी में संभवत फिनाइल था।

पुलिस के अनुसार आनंद का बायां हाथ और पैर झुलसे हुए थे। वीरेंद्र को जलाने की कोशिश के दौरान उसके कपड़ों में भी आग लग गई थी। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए पौड़ी भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के असल कारण का खुलासा हो पाएगा।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page