
ऊधमसिंहनगर। ऊधमसिंहनगर के शांतिपुरी नंबर-1 में चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए करीब 40 तोला सोने के जेवरात और आठ लाख की नकदी चोरी कर ली। चोरों ने बंद कमरे की खिड़की की ग्रिल काटकर घर में प्रवेश किया। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच में जुटी हैं।
जानकारी के अनुसार, शांतिपुरी नंबर-1 निवासी महेश चंद रजवार के बड़े भाई प्रकाश चंद का नया मकान निर्माणाधीन है। निर्माण कार्य के चलते उनका परिवार पिछले तीन वर्षों से महेश चंद के मकान के एक हिस्से में रह रहा था। करीब दो माह पहले प्रकाश चंद के पुत्र का विवाह हुआ था, जिसके बाद परिवार ने सोने-चांदी के जेवर अलमारी के लॉकर में सुरक्षित रख दिए थे। इसके अलावा निर्माण कार्य के लिए रखी गई नकदी भी घर में मौजूद थी। प्रकाश चंद अपने निर्माणाधीन मकान में सो रहे थे, जबकि उनकी पत्नी बेटी के साथ मायके गई हुई थीं। कमरे पर ताला लगा था। इसी दौरान चोरों ने सूने कमरे की खिड़की की ग्रिल काटकर अंदर प्रवेश किया और अलमारी में रखे जेवरात और नकदी चोरी कर फरार हो गए। चोरी गए सामान में कई जोड़ी मंगलसूत्र, हार, कंगन, पौंची, झुमके, अंगूठियां, नथ और मांगटीका सहित बड़ी मात्रा में सोने के आभूषण शामिल हैं। वहीं तीन जोड़ी पायल और 6 जोड़ी बिछुए चांदी के हैं। चोरों ने केवल एक घर को ही निशाना नहीं बनाया, बल्कि गांव के अन्य मकानों में भी सेंधमारी का प्रयास किया। विक्की ठठोला के घर की जाली काटकर तख्त पर रखी टॉर्च चोरी कर ली, जबकि मदन मोहन उपाध्याय के घर में घुसने की कोशिश लोगों के जाग जाने पर विफल हो गई और चोर मौके से फरार हो गए।
एक ही रात में कई घरों में चोरी और सेंधमारी के प्रयासों से ग्रामीणों में भय और आक्रोश है। ग्रामीणों ने घटना के पीछे किसी स्थानीय मुखबिर या संगठित चोरी गिरोह की भूमिका होने की आशंका जताई है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पंतनगर कोतवाल नंदन सिंह रावत ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की चार टीमें बनाकर चोरों की तलाश की जा रही है।

