
रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर वन प्रभाग की कोटा रेंज के जंगल में रविवार को बाघ ने युवक की जान ले ली। युवक जल जीवन मिशन के तहत पेयजल लाइन बिछाने का काम करता था। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने शव बरामद कर लिया है। मृतक मूलरूप से पूर्वी चंपारण बिहार का रहने वाला था। इस घटना के बाद से आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, कोटा रेंज के भलोन क्षेत्र में पेयजल लाइन बिछाने का काम चल रहा है। कुछ मजदूर पेयजल लाइन को ठीक करने में भी लगे हैं। बिहार के जोहरिया, जिला चंपारण निवासी 30 वर्षीय अभिमन्यु शाह पुत्र भगैलयू शाह भी रविवार को जंगल के समीप पेयजल लाइन बिछाने गए थे। शाम को काम खत्म होने के बाद अभिमन्यु अपने कमरे की ओर लौट रहे थे। करीब सवा छह बजे बाघ ने हमला कर दिया और उन्हें खींचकर जंगल की ओर ले गया। ग्रामीणों के अनुसार, अभिमन्यु के साथ अन्य मजदूर भी थे।
डीएफओ ध्रुव मर्तोलिया ने बताया कि सूचना पर क्षेत्र में सर्च अभियान चलाकर रात में युवक का शव बरामद कर लिया गया है। इस दौरान कई राउंड फायरिंग की गई। उन्होंने बताया कि अभिमन्यु अपने साथियों के साथ कुछ माह पहले ही यहां मजदूरी करने आया था। घटना के बाद क्षेत्र में अलर्ट जारी किया गया है। कैमरा ट्रैप लगाने के साथ ही लोगों से जंगल नहीं जाने की अपील की जा रही है।

