ख़बर शेयर करें -

भवाली (नैनीताल)।स्प्रिंगफील्ड होटल भवाली में होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन भवाली की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक नियमों के अनुसार हुई, जिसमें संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की निर्धारित उपस्थिति रही। बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष राजेंद्र कपिल ने की, जबकि संचालन सचिव के. सी. सुयाल द्वारा किया गया।

बैठक में दीपक शाह, संजीव भगत, नागेश पांडे, अनिमेष शाह, कुलदीप सिंह बेस्ट, अभय पांडे, सुनील भंडारी, विवेक रावत, अर्जुन बेस्ट, आनंद मेहरा और हर्षित सुयाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने भवाली नगर में लंबे समय से चली आ रही वाहन पार्किंग की गंभीर समस्या पर विस्तार से चर्चा की।

सदस्यों ने बताया कि नगर में नवनिर्मित पार्किंग अभी पूर्ण रूप से तैयार नहीं हुई है, इसके बावजूद वहां वर्तमान में भी लगभग 50 से 60 वाहन आसानी से पार्क किए जा सकते हैं। इसके अतिरिक्त फल मंडी के सामने स्थित वह चिल्ड्रन पार्क, जिसका उपयोग पार्क के रूप में नहीं किया जा रहा है, वहां भी लगभग 50 वाहन खड़े किए जा सकते हैं। बैठक में यह भी कहा गया कि यदि प्रशासन द्वारा सर्वेक्षण कराया जाए तो नगर क्षेत्र में ऐसे कई और स्थान चिन्हित किए जा सकते हैं, जिन्हें अस्थायी अथवा स्थायी पार्किंग के रूप में प्रयोग में लाया जा सकता है।

बैठक में जानकारी दी गई कि एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल जनवरी के प्रथम सप्ताह में जिला अधिकारी से मिल चुका है और उन्हें भवाली की पार्किंग सहित अन्य समस्याओं से अवगत कराया गया है। पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि इन समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो 31 दिसंबर 2025 को विरोध प्रदर्शन किया जाएगा तथा समस्त सरकारी कार्यक्रमों का बहिष्कार किया जाएगा। साथ ही इस विषय को मुख्यमंत्री स्तर तक ले जाकर अपना विरोध प्रकट किया जाएगा।

एसोसिएशन ने भवाली नगर पालिका परिषद पर भी सवाल उठाए। सदस्यों का कहना था कि नगर पालिका द्वारा प्रत्येक वाहन से ₹50 प्रति वाहन शुल्क वसूला जा रहा है, लेकिन इस धनराशि का उपयोग किस कार्य में किया जा रहा है, यह स्पष्ट नहीं है। ऐसे में नगर पालिका का यह दायित्व बनता है कि वह विशेष रूप से भवाली में वाहन पार्किंग की सुचारू और पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करे।

बैठक में भवाली से कैंची, रामगढ़ रोड की ओर चिकित्सालय के निकट स्थित खाली भूमि पर पार्किंग निर्माण के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। बताया गया कि वहां पार्किंग निर्माण की प्रक्रिया पूर्व में चल रही थी, लेकिन अब इस पर शीघ्र निर्णय लेकर कार्य शुरू किया जाना चाहिए। इस परियोजना के लिए 36 लाख रुपये की धनराशि पहले ही स्वीकृत की जा चुकी है, जिसका सदुपयोग करते हुए पार्किंग का निर्माण किया जाए, ताकि नगर के व्यापारियों और आम जनता को सीधा लाभ मिल सके।

अंत में अध्यक्ष राजेंद्र कपिल और सचिव के. सी. सुयाल ने कहा कि होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन भवाली नगर के विकास के लिए सदैव सहयोग को तैयार है, लेकिन प्रशासन और नगर पालिका को भी व्यापारियों और नागरिकों की समस्याओं के प्रति गंभीरता दिखानी होगी।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page