
देहरादून। विजिलेंस ने उत्तरकाशी में प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) भटवाड़ी के अमीन को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। अमीन ने भूमि का मुआवजा देने के लिए रिश्वत ली थी।
विजिलेंस को दी शिकायत के अनुसार शिकायतकर्ता की जमीन सड़क निर्माण के लिए अधिग्रहीत की गई थी। इसके बदले उसे करीब दो लाख रुपये का मुआवजा मिलना था। इसकी फाइल 2022-23 से दफ्तरों में धूल फांक रही थी। लंबी जद्दोजहद के बाद मुआवजे की रकम मंजूर हुई तो लोनिवि के भटवाड़ी कैंप कार्यालय के अमीन टीकाराम ने अड़ंगा लगा दिया। अमीन ने चेक जारी करने के बदले 20 हजार रुपये की मांग की। बाद में 10 हजार में सौदा तय हुआ। भटवाड़ी में जैसे ही अमीन ने पीड़ित से रिश्वत की रकम ली, मौके पर मौजूद विजिलेंस टीम ने उसे दबोच लिया। पूछताछ के बाद टीम उसे लेकर देहरादून आ गई। आज शुक्रवार को आरोपी को विजिलेंस कोर्ट में पेश किया जाएगा।

