
रुद्रपुर। बेसिक शिक्षा विभाग ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय इस्लामनगर प्रथम में तैनात शिक्षिका कीर्ति राना को टीईटी सहित अन्य प्रमाण-पत्र फर्जी पाए जाने पर सेवा से बर्खास्त कर दिया है। संबंधित शिक्षिका की नियुक्ति वर्ष 2014 में हुई थी। विभागीय सत्यापन के दौरान प्रमाण-पत्रों में गड़बड़ी सामने आने पर यह कार्रवाई की गई।
इधर, जसपुर विकासखंड के एक सहायक अध्यापक के खिलाफ भी प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेन्द्र कुमार मिश्रा ने बताया कि 9 मई को प्राथमिक विद्यालय बढ़ियोबाला का आकस्मिक निरीक्षण किया था। सहायक अध्यापक नरेंद्र कुमार विद्यालय अवधि में संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाए गए। समग्र शिक्षा की धनराशि के दुरुपयोग में प्रधानाध्यापक की मिलीभगत भी सामने आई। मामले को गंभीर मानते हुए सीईओ ने शिक्षक नरेंद्र कुमार का प्रशासनिक स्थानांतरण दौराहा राजकीय इंटर कॉलेज में कर दिया है। वहीं प्रधानाध्यापक महबूब को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। कठोर कार्रवाई को चेताया।

