ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। हल्द्वानी निवासी व्लॉगर ज्योति अधिकारी की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। कुमाऊं मंडल में उसके खिलाफ तीन और मुकदमे दर्ज किए गए। ऊधमसिंह नगर के सितारगंज, काशीपुर और जसपुर कोतवाली में अलग-अलग तहरीरों के आधार पर पुलिस ने मामले पंजीकृत किए हैं। ज्योति पर सोशल मीडिया के माध्यम से पहाड़ की महिलाओं, स्थानीय संस्कृति और देवी-देवताओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के साथ ही सार्वजनिक स्थान पर दराती लहराने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

सितारगंज क्षेत्र के ग्राम उकरौली निवासी वेद प्रकाश पुत्र त्रिलोक राम ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि व्लॉगर ज्योति ने हाल ही में हल्द्वानी में एक सार्वजनिक मंच से दराती लहराते हुए उत्तराखंड की महिलाओं और देवी-देवताओं के विरुद्ध आपत्तिजनक बयान दिए, जिससे क्षेत्रीय लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। इसी क्रम में काशीपुर कोतवाली में द्वारका एनक्लेव फेज-दो, नीझड़ा निवासी उमा बिष्ट पत्नी गोविंद सिंह बिष्ट ने भी ज्योति के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।

वहीं जसपुर कोतवाली में भाजपा नगर अध्यक्ष राजकुमार चौहान की तहरीर पर भी केस पंजीकृत किया गया। सितारगंज कोतवाल सुंदरम शर्मा ने बताया कि शनिवार को मुकदमा दर्ज किया गया है। कुमाऊं में अब तक ज्योति के खिलाफ कुल आठ मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। इससे पहले हल्द्वानी निवासी जूही चुफाल की तहरीर पर थाना मुखानी में दर्ज मामले में पुलिस ने ज्योति को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया था।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page