ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। हल्द्वानी के टीपीनगर इलाके में सोमवार रात अज्ञात बदमाशों ने कार सवार कैटरिंग कारोबारियों को रोककर उन पर गोली चला दी। तीन बार हुई फायरिंग में दो गोलियां एक ही कारोबारी को लगीं। जबकि दो अन्य कार सवारों को बदमाशों ने ईंट और पत्थरों से मार-मारकर अधमरा कर डाला। घायलों को एसटीएच लाया गया, जहां डॉक्टरों ने गोली से घायल कारोबारी को हायर सेंटर रेफर कर दिया है। घटना की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

सोमवार रात करीब 8 बजे कार सवार नीरज भगत, हरीश मेहरा, भाष्कर बोहरा और गणेश दरम्वाल निवासी चांदनी चौक, घुड़दौड़ा, मुखानी की ओर आ रहे थे। टीपीनगर चौकी क्षेत्र में बिरला स्कूल के पास दो अज्ञात बाइक सवारों ने उनकी कार संख्या यूके 14 एस 9047 को रोका। बाइक सवारों ने एक हवाई फायर किया और फिर दो गोलियां भाष्कर बोहरा के पेट और घुटने पर चला दीं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि इसी बीच 20-25 बदमाश आए और कारोबारियों की कार पर लाडी-डंडों से प्रहार कर शीशे तोड़ डाले। जबकि अन्य तीन नीरज, हरीश और गणेश पर ईंट-पत्थरों से जानलेवा हमला कर दिया। इसी बीच नीरज किसी तरह जान बचाकर भाग निकला। वहीं बदमाशों ने हरीश और गणेश को बुरी तरह पीटकर अधमरा कर दिया। गोली चलने की आवाज सुन लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसी बीच बदमाश मौके से फरार हो गए। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और गोली से घायल भाष्कर के साथ हरीश व गणेश को लहूलुहान हालत में एसटीएच लेकर आए। जहां गंभीर हालत होने पर भाष्कर को रेफर कर दिया।

बदमाशों ने जिस तरह कारोबारियों पर जानलेवा हमला किया, उससे पुलिस को भी प्रथमदृष्टया मामला रंजिश का लग रहा है। घटना के बाद अस्पताल पहुंचे युवाओं ने कहा कि पूरी प्लानिंग के साथ बदमाशों ने इस गोलीकांड को अंजाम दिया है। बदमाशों को पता था कि कारोबारी रोज मुखानी की ओर इस वक्त कार से आते हैं। पुलिस पता लगा रही है कि बदमाशों ने जिस असलहे से गोली मारी वह पिस्टल थी, कट्टा या फिर कोई अन्य हथियार।
घायल गणेश और हरीश ने अस्पताल में पुलिस को बताया कि उन्हें जान से मारने की साजिश थी। बदमाश उन्हें मरा समझकर मौके पर छोड़ गए। अस्पताल आने तक तीनों घायल बेहोशी की हालत में थे। अब पुलिस की टीमें गोलीकांड की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों की तलाश में जुट गई है। पुलिस की तीन टीमें गठित की हैं। सीसीटीवी खंगालने के साथ आसपास के लोगों की मदद ली जा रही है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page