
हल्द्वानी। बरेली रोड पर गलत दिशा में आए एक बेकाबू ट्रक ने गुरुवार रात सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इससे छिटककर गिरी बाइक में भीषण आग लग गई। बाइक सवार दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में उपचार के दौरान एक ने दम तोड़ दिया उसका साथी गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद ट्रक चालक फरार हो गया।
लालकुआं वार्ड नंबर 4 निवासी 20 वर्षीय अयान खान पुत्र शमशेर खान और सिद्धार्थ सिंह पुत्र वीर सिंह कॉलेज में पढ़ते हैं। गुरुवार रात दोनों किसी काम से लालकुआं से हल्द्वानी को आ रहे थे। मोती नगर के पास हाईवे पर गलत दिशा से आए ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक में भीषण आग लग गई। हादसे में दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। यहां से गुजर रहे वनभूलपुरा निवासी रऊफ अंसारी ने पुलिस को घटना की सूचना दी और तत्काल उन्हें एसटीएच लेकर आए। उपचार के दौरान सिद्धार्थ की मौत हो गई। अयान की हालत गंभीर बनी हुई है। कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि पुलिस ट्रक चालक की तलाश कर रही है।

