ख़बर शेयर करें -

देहरादून। राजधानी देहरादून में बाइक सवार दो युवकों ने गोली मारकर भाजपा नेता की हत्या कर दी है। बताया जा रहा है कि थाना प्रेमनगर क्षेत्र के अंतर्गत पीपल चौक माण्डुवाला में बाइक सवार दो युवक भाजपा पूर्व मंडल अध्यक्ष रोहित नेगी (22 साल) पर फायर कर मौके से फरार हो गए। घायल युवक के दोस्तों द्वारा उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक के दोस्त की तहरीर के आधार आरोपी के खिलाफ थाना प्रेमनगर में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई।

अभिषेक बर्तवाल (निवासी तिल्वाड़ी थाना सेलाकुई) ने शिकायत दर्ज कराई है कि 2 जून की देर रात जब वो अपने दोस्तों के साथ गाड़ी में पीपल चौक माण्डुवाला में थे, तभी मोटरसाइकिल में आए दो युवकों में से एक ने उनकी गाड़ी पर सामने की ओर से फायर झोंक दिया। गोली रोहित की गर्दन पर लगी, जिसके बाद घायल रोहित नेगी को दोस्त ग्राफिक ऐरा अस्पताल झाझरा लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने रोहित को मृत घोषित कर दिया।

अभिषेक बर्तवाल की तहरीर के आधार पर थाना प्रेमनगर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। एसएसपी अजय सिंह ने बताया है कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक रोहित के एक दोस्त की महिला मित्र के साथ आरोपी की जान पहचान थी। रात में रोहित नेगी अपने उसी दोस्त, उसकी महिला मित्र व अन्य दोस्तों के साथ नयागांव में एक अन्य दोस्त के घर पर था। उस दौरान महिला को आरोपी का फोन आया, फिर उनकी बहस हो गई। बहस होने के कारण आरोपी ने आवेश में आकर घटना को अंजाम दिया, ऐसी जानकारी मिल रही है। थाना प्रेमनगर पुलिस घटना के सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर कार्रवाई जारी है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

You cannot copy content of this page