
देहरादून। राजधानी देहरादून में प्रेम प्रसंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक बीएसएफ जवान पर अपनी प्रेमिका को जहर देकर हत्या करने का अरोप लगा है। वहीं, बाद में खुद भी जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। आरोपी की हालत गंभीर बनी हुई है और वह दून अस्पताल में उपचाराधीन है, जबकि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पत्नी ने सूचना दी कि उसके पति ने फोन कर अपनी लोकेशन भेजी और बताया कि उसने अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी है और खुद भी जहर खा लिया है। सूचना मिलते ही पुलिस लोकेशन के आधार पर मियांवाला चौक स्थित द बिरिज़ होमस्टे पहुंची। वहां एक कमरे में बीएसएफ जवान परमेन्द्र नेगी (38) निवासी मोहब्बेवाला, क्लेमेंटाउन बेसुध अवस्था में मिला, जबकि आरती बिष्ट (40) निवासी गूलरघाटी, नकरौंदा मृत मिली।
पुलिस ने परमेन्द्र नेगी को पहले नजदीकी अस्पताल और फिर दून अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों के बीच पिछले काफी समय से प्रेम संबंध थे। छुट्टी पर घर आए परमेन्द्र नेगी पिछले दो दिनों से आरती के साथ इसी होमस्टे में ठहरा हुआ था।
मृतका के पति पंकज सिंह बिष्ट ने डोईवाला कोतवाली में दी तहरीर में आरोप लगाया कि उनकी पत्नी और परमेन्द्र नेगी के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। इस संबंध की जानकारी आरोपी के परिवार को भी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि परमेन्द्र की पत्नी भी उनकी पत्नी से संबंध खत्म करने का दबाव बनाती रही थी। इसी विवाद के चलते परमेन्द्र नेगी ने आरती को जहर देकर मार डाला और बाद में खुद भी जहर खा लिया।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है। उसके स्वस्थ होने के बाद पूछताछ की जाएगी, जिसके बाद ही हत्या के पीछे की वास्तविक वजह पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

