
चंपावत। चंपावत जिले के पाटी ब्लॉक में कानाकोट के पास एंबुलेंस को पास देने के दौरान एक कार अनियंत्रित होकर करीब डेढ़ सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार चालक विद्युत कर्मी कमल सिंह पुत्र रघुवर सिंह (50) निवासी कानाकोट और राजमिस्त्री बबलू चौधरी पुत्र गंगा चौधरी (38) निवासी वार्ड 18 बगही बकुलिया रतनपुर थाना बैरिया बगाही, पश्चिमी चम्पारण, बिहार की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार कार संख्या यूके 04 आर 6677 कानाकोट से लोहाघाट की ओर आ रही थी। कानाकोट के पास सामने से आ रही एंबुलेंस को रास्ता देने के दौरान कार अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। ग्रामीण करीब डेढ़ सौ मीटर गहरी खाई में उतरे और दोनों घायलों को बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय लाया गया। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विराज राठी ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही दोनों की मौत हो चुकी थी।
मृतक कमल सिंह ऊधम सिंह नगर जिले के लोहियाहेड पावर हाउस में विद्युत कर्मी के रूप में कार्यरत थे। बताया गया कि उनके भवन निर्माण का काम चल रहा था और निर्माण सामग्री लेने के लिए वह राजमिस्त्री बबलू चौधरी के साथ लोहाघाट की ओर आ रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया। इधर हादसे की सूचना मिलते ही जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल, पूर्व शिक्षक नेता गोविंद सिंह बोरा समेत कई लोग लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय पहुंचे और घटना की जानकारी ली। सभी ने हादसे पर दुख जताया। वहीं, एसडीएम लोहाघाट नीतू डांगर, पुलिस और राजस्व उप निरीक्षक ऋषभ कुमार भी अस्पताल पहुंचे। प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की खबर से मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा है, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। रेस्क्यू अभियान में जिला पंचायत सदस्य अशोक महरा, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि गिरिजेश सिंह, हरिश्चंद्र भट्ट, गिरीश चंद्र, पवन भट्ट, हिमांशु भट्ट, रमेश जोशी, आशीष भट्ट, गौरव भट्ट, वासुदेव भट्ट, दिनेश चंद्र भट्ट, अनिल भट्ट सहित अन्य ग्रामीणों ने सहयोग किया।

