ख़बर शेयर करें -

रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर जिले में तैनात एक इंस्पेक्टर पर कथित ऑडियो के आधार पर एक युवती के साथ अश्लील बातें करने और अनुचित मांग करने का आरोप लगा है। मामले में किच्छा के विधायक तिलकराज बेहड़ ने बुधवार को डीजीपी से मुलाकात पर पीड़ित युवती का प्रार्थना पत्र उन्हें सौंपकर आरोपी इंस्पेक्टर पर विभागीय और कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। बेहड़ ने बताया कि मामले में डीजीपी अभिनव कुमार ने आईपीएस पी रेणुका को जांच के निर्देश दिए हैं। एक महिला पुलिस अधिकारी युवती के बयान दर्ज कर रही है।
कथित ऑडियो क्लिप के साथ किच्छा विधायक बेहड़ ने एक इंस्पेक्टर पर सनसनीखेज आरोप लगाए। बताया कि पीड़िता के प्रार्थना पत्र को उन्होंने डीजीपी को सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। बताया कि कुछ समय पहले पंतनगर में दो परिवारों के बीच मारपीट का मामला हुआ था। उनका आरोप था कि इस मामले में राजनीतिक दबाव में एक युवती के पिता और उसकी बहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें पुलिस ने जेल भेज दिया। बाद में दोनों को जमानत मिल गयी थी। इस मामले में जेल गई युवती की बहन ने उसके पक्ष का मुकदमा दर्ज न किए जाने पर सीएम पोर्टल और जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से शिकायत की थी। उसने पुलिस पर उनका पक्ष न सुने जाने का आरोप लगाया था। मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग को लेकर युवती थाने गयी थी। आरोप है कि इंस्पेक्टर ने कॉल कर बदनीयती रखते हुए युवती से बात की और उससे मिलने को कहा। उन्होंने कथित ऑडियो क्लिप के हवाले से आरोप लगाया कि इंस्पेक्टर युवती से अश्लील बातें कर रहा है और उससे अनुचित मांग कर रहा है। युवती बार-बार इस अनुचित मांग को पूरा न करने की बात कह रही है। बेहड़ ने कहा कि इंस्पेक्टर के इस कृत्य से जिला पुलिस की छवि धूमिल होने के साथ ही पीड़िता की न्याय की आस टूटी है। उन्होंने डीजीपी से पीड़िता पक्ष की ओर से मारपीट के मामले में मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की है। साथ ही उन्होंने कहा कि आरोपी इंस्पेक्टर के खिलाफ युवती से अश्लील बातें करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी कर उसे निलंबित कर जेल भेजा जाए। बेहड़ ने बताया कि डीजीपी ने इस मामले की जांच आईपीएस पी रेणुका को दी है। जांच शुरू हो गयी है। एक महिला अधिकारी ने युवती के घर जाकर उसके बयान भी लिए हैं। वहीं बेहड़ ने कहा कि आरोपी इंस्पेक्टर ने उनके भाई को कॉल कर भी इस मामले को रफा-दफा करने की गुहार लगाई है। इसकी ऑडियो रिकार्डिंग भी मौजूद है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page