
पौड़ी। पौड़ी जिले के पोखड़ा ब्लाक में गुलदार के हमले के बाद क्षेत्र के दस स्कूलों को सोमवार तक के लिए बंद कर दिया गया है। बंद स्कूलों में एक इंटर कॉलेज और दो जूनियर हाईस्कूल और सात प्राइमरी स्कूल शामिल हैं। अब स्कूल मंगलवार को ही खुलेंगे।
गुरुवार को पोखड़ा ब्लाक के भतकोट में गुलदार ने चार साल की मासूम को मार दिया था। इसके बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर आस-पास की स्कूलों को बंद किए जाने को लेकर प्रशासन और शिक्षा विभाग से मांग की थी। पोखड़ा के खंड शिक्षाधिकारी मनोज जोशी ने बताया है कि भतकोट गांव पोखड़ा और बीरोंखाल ब्लाक की सीमा पर हैं। इसलिए 6 स्कूल बीरोंखाल के तो 4 स्कूल पोखड़ा के बंद किए गए हैं। सोमवार तक बंद रहने वाले स्कूलों में बीरोंखाल की प्राइमरी स्कूल तिमली, कंडूली बड़ी, ढिंसवाणी और भरपूर बड़ा सहित जूनियर हाईस्कूल तिमली और कंडूली बड़ी है। जबकि पोखड़ा ब्लाक की प्राइमरी स्कूल पाटल्यूं, मयाल गांव और पटोटी के साथ ही जनता इंटर कॉलेज कुण्जखाल भी शामिल है।

