
रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर में बदमाश चंदन सागर और पुलिस के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई है। कई राउंड फायर के बाद पुलिस की जवाबी फायरिंग में चंदन सागर के पैर में गोली लगी है। पुलिस दबिश के दौरान जंगल में छिपा 15 मुकदमों वाला बदमाश चंदन सागर, घेराबंदी होते ही पुलिस टीम व वाहनों पर गोलियां बरसाई। क्षेत्र में भय का माहौल बनाने वाला वांटेड बदमाश चंदन सागर पुलिस दबिश के दौरान
हाथी बगड़ वनविभाग चैक पोस्ट से आगे जंगल में जा छिपा था।पुलिस टीम ने जंगल में घेराबंदी की तो बदमाश ने पुलिस टीम व वाहनों पर कई राउंड फायरिंग की।
पुलिस के मुताबिक फायरिंग में पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। इसकी सूचना, कंट्रोल रूम को दी गई। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा, पूरे जंगल की घेराबंदी कर बदमाश को घेरा।पुलिस की जवाबी कार्यवाही में चंदन सागर के पैर में गोली लगी। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। चंदन सागर पर 15 मुकदमे दर्ज हैं , गैंगस्टर एक्ट में भी कार्रवाई हुई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजुनाथ टीसी ने कहा है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

