ख़बर शेयर करें -

 

रानीखेत। रानीखेत विधायक प्रमोद नैनवाल ने अपने भाई पूर्व ब्लॉक प्रमुख सतीश नैनवाल की मौत को संदेहजनक परिस्थितियों में बताते हुए चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। भाई के निधन के 53 दिन बाद दी गई इस तहरीर में नामजद आरोपियों पर सोशल मीडिया पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है।

भतरौंजखान पुलिस के मुताबिक रानीखेत विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल ने तहरीर सौंपी है। इसमें कहा गया है कि पूर्व ब्लॉक प्रमुख और उनके भाई सतीश नैनवाल का 10 फरवरी को उपचार के दौरान एम्स में निधन हो गया था। उनके निधन से कुछ दिन पूर्व छह फरवरी को सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर आरोपियों की ओर से पोस्ट की गई थी, जिसकी भाषा और आशय से प्रतीत होता है कि उनके भाई को बदनाम करने के उद्देश्य से जानबूझकर उन पर मानसिक दबाव बनाया गया। इस पोस्ट के कुछ समय बाद उनके भाई का अत्यंत संदिग्ध परिस्थिति में निधन हो गया। उन्होंने आशंका जताई कि आरोपी सुरेन्द्र सिंह रावत, महेंद्र सिंह रावत, अनुज जोशी, वीर सिंह सभी निवासी भिकियासैंण समेत अन्य के षड्यंत्र या हानिकारक कृत्य के कारण उनके भाई का निधन हुआ। तहरीर में आरोपियों के बारे में नाम के अलावा अन्य कोई जानकारी नहीं दी गई है। पुलिस से आरोपियों के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई करने की मांग की है। इधर, एसओ भतरौंजखान अवनीश कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर बीएनएस की धारा 131 (3), 352 में चार लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page