ख़बर शेयर करें -

हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र की लेबर कॉलोनी में एक महिला को खंभे से बांधकर पिटाई करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस ने महिला के बेटे की तहरीर पर छह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। महिला मानसिक रूप से कमजोर है, वह किसी के घर में घुस गई थी, जिस पर लोगों ने पिटाई कर दी।
पुलिस के अनुसार, शुभम पुत्र लखमीचंद निवासी लेबर कॉलोनी रानीपुर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शनिवार सुबह करीब 5:40 बजे उनकी माता सुनीता घर से बाहर टहलने के लिए निकली थीं। इसी दौरान लेबर कॉलोनी निवासी राहुल, इंदर, आशु, नागेश, राकेश और एक अज्ञात महिला ने उनकी माता को खंभे से बांधकर पीटना शुरू कर दिया। पिटाई करने के बाद आरोपी गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।

इसका पता चलते ही वह मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में सुनीता को महिला अस्पताल ले जाकर उपचार कराया। बताया कि सुनीता की मानसिक स्थिति पहले से ही ठीक नहीं है। वहीं रविवार को इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जिसमें साफ दिखाई दे रहा है कि महिला को खंभे से बांध रखा है और गाली-गलौज कर मारपीट की जा रही है।

कोतवाली प्रभारी शांति कुमार गंगवार ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। प्राथमिकी में पांच लोगों को नामजद किया गया है, जबकि एक आरोपी महिला अज्ञात है। मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश की जा रही है।

खुद हाथ में क्यों लिया कानून
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में भी नाराजगी है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। अगर वह किसी के घर में चली गई और उसने कुछ ऐसा कार्य किया था तो इसकी सूचना पुलिस को देनी चाहिए थी। उसे खंभे से बांधकर पीटने का अधिकार किसने दिया। खुद कानून क्यों हाथ में लिया। लोगों ने इसे बेहद शर्मनाक बताया है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page