
उत्तरकाशी। उत्तरकाशी के मोरी ब्लॉक के फिताड़ी गांव में बीती रात को आग से 14 आवासीय भवन जलकर राख हो गए। इसके साथ ही घरों पास ही गोशाला में बंधे 5 मवेशी भी जल गए। इस दौरान लोगों ने घरों से भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।
दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल, डीएम प्रशांत आर्य, प्रमुख रणदेव राणा मौके पर पहुंचे। राजस्व और पुलिस की रेस्क्यू टीम मौके पर राहत और बचाव कार्य में जुटी है। पीड़ित परिवार पड़ोसियों के घरों में रहने को मजबूर हो गए हैं।
घटना बीती सोमवार देर रात की है। जब मोरी ब्लॉक के फिताड़ी गांव में प्रेम सिंह के पांच मंजिला आवासीय मकान में अचानक आग लग गई आग की लपटें देख परिवार के सदस्य किसी तरह घर से बाहर निकले और अपनी जान बचाई। ग्रामीण कुछ समझ पाते और आग पर नियंत्रण करते इससे पूर्व आग विकराल हो गई और गांव के 13 अन्य आवासीय भवनों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
सूचना के बाद रेस्कयू टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ आग बुझाने में जुट गई। चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से घरों में रखा राशन, बर्तन, कपड़े जलकर पूरी तरह राख हो गए। वहीं घरों के पास बनी गोशाला में बंधी 3 गाय और 2 भेड़ें भी जल गईं।
मोरी के फिताड़ी गांव में हुए अग्निकांड में प्रेम सिंह पुत्र मोर सिंह, कुंदन सिंह पुत्र खेम सिंह, रविन्द्र सिंह पुत्र मोरी सिंह, उमशाल सिंह पुत्र मोर सिंह, तिलक सिंह पुत्र मोर सिंह, नोनियाल सिंह पुत्र गंगा सिंह, ताजम देई पत्नी नोनियाल, दुदकली देवी पत्नी नोनियाल सिंह, विरेन्द्र सिंह पुत्र हाकम सिंह, सुविंद्र पत्नी सुरेन्द्र, मोहन सिंह पुत्र धुंधर सिंह, जनक सिंह पुत्र तोता राम के मकान पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त हो गए। जबकि जनक सिंह पुत्र तोता राम, विरेन्द्र सिंह पुत्र हाकम सिंह, प्रेम सिंह पुत्र मोर सिंह, नौनियाल सिंह पुत्र गंगा सिंह, उमशाल पुत्र मोर सिंह, सिलदार पुत्र पलू राम के अन्न भंडार और उनमे रखा सामान जलकर राख हुआ।
फिताड़ी गांव में आग को तब काबू किया गया जब फिताडी,रेकचा के ग्रामीणों के साथ आग भूजाने को कासला, रेकचा, हरपूरी, धारा, जखोल एवं साऊणी आदि गांवों के ग्रामीणों फिताडी पहुंचे।

