ख़बर शेयर करें -

बागेश्वर। बागेश्वर जिले के गरुड़ तहसील के राजस्व क्षेत्र जखेड़ा के सलानी गांव में गोशाला बनाने के लिए खुदाई करते वक्त मिट्टी का टीला ढहने से पांच लोग दब गए। इस हादसे में पिता और बेटे की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हुए हैं।

गरुड़ ब्लॉक से करीब 30 किमी दूर स्थित सलानी गांव के बैगाव कलारों तोक में गोशाला निर्माण का काम चल रहा था। राजस्व उपनिरीक्षक युवराज गोस्वामी ने बताया कि इस तोक में एक मकान के पीछे काम करने के दौरान अचानक मिट्टी का एक बड़ा टीला ढह गया। इस हादसे में पांच लोग दब गए। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने उन्हें किसी तरह बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल लोगों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉ. उपासना ने 50 वर्षीय प्रेम सिंह पुत्र लाल सिंह और उनके 23 वर्षीय पुत्र दर्शन सिंह को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल 36 वर्षीय गोपाल प्रसाद पुत्र बिशन राम, 29 साल के विनोद कुमार पुत्र हिम्मत राम और 60 साल के पान सिंह पुत्र जेठा सिंह को सीएचसी बैजनाथ ले गए, जहां से उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। पूर्व प्रधान आनंद परिहार ने बताया कि मृतक परिवार गरीब है। प्रेम सिंह के दर्शन समेत दो बेटे और एक बेटी है। बेटी की शादी हो चुकी है। हादसे के बाद से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। पूर्व प्रधान ने पीड़ित परिवार को दैवीय आपदा मद से मुआवजा देने की मांग की। इधर, कोतवाल केएस नेगी ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page