ख़बर शेयर करें -

हरिद्वार। हरिद्वार के कनखल क्षेत्र में पेट्रोल पंप की डीलरशिप दिलाने का झांसा देकर एक ग्रामीण से करीब 27.78 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि जालसाज ने खुद को एक तेल कंपनी का अधिकारी बताकर विश्वास में लिया और फर्जी दस्तावेजों के जरिये मोटी रकम ऐंठ ली। कोर्ट के आदेश से पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अदालत में जमालपुर कलां निवासी जोगेंद्र कुमार ने प्रार्थना पत्र देकर बताया कि मार्च 2023 में उनके मोबाइल पर कॉल करने वाले ने अपना नाम गणेश साहेब राव वाहुल बताते हुए खुद को एक तेल कंपनी का अधिकारी बताया। उसने बताया कि जमालपुर-जियापोता रोड पर अनुसूचित जाति वर्ग के लिए पेट्रोल पंप की डीलरशिप निकली है और यदि उनके पास उपयुक्त भूमि है तो उन्हें यह डीलरशिप दिलाई जा सकती है। उसके पास उक्त मार्ग पर जमीन होने की जानकारी देने पर आरोपी ने स्थल निरीक्षण कर जमीन को उपयुक्त बताया और पेट्रोल पंप रिटेल आउटलेट से संबंधित आवेदन व प्रमाणपत्र भेज दिए। आरोपी की बातों पर भरोसा कर जोगेंद्र कुमार ने अपने पुत्र सुशील कुमार के नाम डीलरशिप आवंटन के लिए ऑनलाइन और आरटीजीएस के माध्यम से विभिन्न तिथियों में भुगतान किया। 4 अगस्त 2023 से 18 सितंबर 2023 के बीच कुल 27 लाख 78 हजार रुपये आरोपी के बताए खातों में जमा कराए गए। काफी समय बीतने के बाद भी जब न तो कंपनी की ओर से कोई सर्वे हुआ और न ही जमीन पर कोई कार्य शुरू हुआ, तो संदेह गहराने लगा। आरोपी से संपर्क करने पर वह टालमटोल करता रहा। इसके बाद पीड़ित तेल कंपनी के देहरादून स्थित कार्यालय पहुंचे, लेकिन वहां भी संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसी बीच 5 जुलाई को एक अज्ञात व्यक्ति उनके घर पहुंचा और खुद को कंपनी का कर्मचारी बताते हुए दो लाख रुपये नकद की मांग की। पुलिस को सूचना देने पर वह मौके से फरार हो गया। थानाध्यक्ष मनोहर सिंह रावत ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page