ख़बर शेयर करें -

अल्मोड़ा। पिथौरागढ़ जिले के बेरीनाग तहसील स्थित कोटगाड़ी मंदिर से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार धौलछीना के पास गहरी खाई में गिर गई। हादसे में कार सवार नैनीताल की बुजुर्ग महिला और पंतनगर निवासी उनके भाई की मौत हो गई, जबकि अन्य दो लोगों को गंभीर हालत में रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, 55 वर्षीय एसएसबी जवान प्रमोद चंद्र पंत पुत्र गंगा दत्त पंत, उनकी पत्नी 52 वर्षीय दीपा पंत, निवासी जवाहरनगर पंतनगर ऊधमसिंह नगर, 50 वर्षीय सुषमा पंत पत्नी गजेन्द्र पंत, निवासी डांट भीमताल और 65 वर्षीय रेखा उप्रेती पत्नी सुबोध चंद्र, निवासी तल्लीताल नैनीताल बीती 12 अप्रैल को अपने पैतृक गांव उप्राडा गंगोलीहाट आए थे। गांव में 13 अप्रैल को पूजा करने के बाद सभी कोटगाड़ी मंदिर पांखू (थल) दर्शन को गए।

सोमवार सुबह पूजा अर्चना के बाद सभी कार से वापस लौट रहे थे। शाम को धौलछीना-सेराघाट के बीच कसानबैंड के पास अचानक चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। देखते ही देखते वाहन गहरी खाई में जा गिरा। एक महिला कुछ ही नीचे जाकर वाहन से छिटक गई, जबकि अन्य तीनों वाहन के साथ ही गहरी खाई में जा गिरे। वाहन को खाई में गिरता देख मौके पर मौजूद पशुपालन विभाग के अनिल अधिकारी ने शोर मचाया और लोगों को बुलाया। सूचना धौलछीना पुलिस को दी गई। थानाध्यक्ष सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने रेस्क्यू शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद चारों को खाई से निकाला गया। एंबुलेंस से सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धौलछीना पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने भाई-बहन रेखा उप्रेती और एसएसबी जवान प्रमोद चंद्र को मृत घोषित कर दिया गया। दोनों घायलों को हायर सेंटर भेजा गया है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page